रुद्रप्रयाग। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष महिम वर्मा ने बताया कि टी-20 क्रिकेट फार्मेट को बंद करने पर मंथन चल रहा है। कहा कि करियर, टेस्ट व वनडे क्रिकेट में है, इसलिए युवा 50 ओवर या टेस्ट क्रिकेट के लिए अभ्यास करें।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट का असली रोमांच वनडे व टेस्ट मैच में है। टी-20 का प्रारूप खेल और खिलाड़ियों के भविष्य के लिए उचित नहीं है। वर्मा ने कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड इस प्रारूप को बंद करने के लिए मंथन कर रहा है। उन्होंने उत्तराखंड में क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए गढ़वाल व कुमाऊं में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान विकसित किए जाने की भी बात कही। कहा कि वह इसी उद्देश्य के साथ आए हुए हैं। कुछ स्थानों का भ्रमण किया गया है, जिन्हें खेल मैदान के रूप में विकसित किया जा सकता है। अमर उजाला के साथ बातचीत में बीसीसीआई उपाध्यक्ष वर्मा ने कहा कि उत्तराखंड में क्रिकेट के प्रति बहुत क्रेज है। इसे बेहतर मंच देने के लिए बेहतर से बेहतर कार्य किया जाएगा, जिससे भावी समय में यहां की प्रतिभाएं देश के लिए खेल सकें। क्रिकेट में जरूरी संसाधन और जगह, सबसे महत्वपूर्ण है। तभी किसी खिलाड़ी को तैयार किया जा सकता है। उन्होंने रुद्रप्रयाग जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सवाल पर कहा कि उन्हें शिकायत मिली थी, कि जनपद में सिर्फ खानापूर्ति के लिए ट्रायल किए जाते हैं। एसोसिएशन के पदाधिकारी ज्यादातर देहरादून में ही रहते हैं। यह गंभीर विषय है। इस बारे में वह स्वयं प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन को अवगत कराएंगे। खिलाड़ी का चयन कर उसे नियमित अभ्यास कराकर बेहतरीन खिलाड़ी बनाने की जिम्मेदारी भी एसोसिएशन की है।