राप्रावि ग्वेफड़ में कक्षा एक में पढ़ता है बच्चा, एक माह पूर्व की घटना
पिता ने सोशल मीडिया पर साझा की फोटो तो पता चला
बेसिक शिक्षाधिकारी ने बीईओ को दिए जांच के आदेश
फोटो
रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के धनपुर क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय ग्वेफड़ में कक्षा एक में पढ़ने वाले सात वर्षीय बच्चे की शिक्षक द्वारा बेरहमी से पिटाई का मामला प्रकाश में आया है। एक माह पूर्व हुई इस घटना के बाद से छात्र स्कूल जाने से डर रहा है। छात्र के पिता ने बच्चे के शरीर पर पिटाई के निशान की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की तो घटना का पता चला। जिला शिक्षाधिकारी बेसिक ने बीईओ को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। ग्राम प्रधान ने भी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्वेफड़ गांव निवासी हयात सिंह बिष्ट का सात वर्षीय पुत्र गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक में पढ़ता है। एक माह पूर्व लगभग 20 अगस्त को छात्र की विद्यालय में तैनात शिक्षक ने बुरी तरह से पिटाई कर दी। जिससे उसके पैर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में बेंत के निशान पड़ गए। छात्र ने घर में मां को कुछ नहीं बताया और दर्द से बिलबिलाता रहा। इसके बाद वह स्कूल जाने से मना करने लगा। एक सप्ताह तक जब छात्र बहाने करते रहा तो मां ने उससे सख्ती से पूछा, जिस पर उसने पिटाई के बारे में बताया।
मां ने जब बच्चे के कपड़े उतारे तो एक सप्ताह बाद भी उसके पूरे शरीर पर बेंत के निशान साफ नजर आ रहे थे। महिला ने इसकी फोटो खींच कर पति हयात सिंह, जो राजस्थान के माउंटआबू में नौकरी करते हैं, को भेजी। बृहस्पतिवार को छात्र के पिता ने सभी फोटो गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की तो उन्हें देखकर ग्रामीण विचलित हो गए। ग्राम प्रधान लीला सिंह ने बताया कि यह हरकत क्रूरता की सभी हदें पार करना जैसा है। इस बारे में जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक अजय कुमार चौधरी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, इस बारे में उप शिक्षाधिकारी अतुल सेमवाल को जांच के आदेश दिए गए हैं और तीन दिन में रिपोर्ट मांगी गई है।