गुप्तकाशी। ग्यारह गांव रामलीला समिति की ओर से काशी विश्वनाथ परिसर में रामलीला का शुभारंभ हुआ। पहले दिन विश्वनाथ, जाख देवता, शिव-पार्वती और गणेश की आरती के बाद दीप प्रज्वलित किया गया। इसके बाद श्रवण कुमार और कैलाश लीला का मंचन किया गया।
मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता जय सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष विशेश्वरी देवी ने की। समिति अध्यक्ष मदन सिंह रावत ने कहा कि गुप्तकाशी की रामलीला का इतिहास सौ साल पुराना है और यह ग्यारह गांवों की एकता का प्रतीक है। श्रवण कुमार की भूमिका सुभाष अंथवाल, राजा दशरथ की सुरेन्द्र दत्त नौटियाल, शिव की सुमन सेमवाल, पार्वती की आराध्या असवाल और रावण की मुकेश अंथवाल ने निभाई। इस अवसर पर नगर पंचायत सभासद गौरव रावत, दिनेश गोस्वामी, आशीष बिष्ट, रविंद्र नेगी, पूनम बिष्ट, निशा देवी सहित समिति के पदाधिकारी और दर्शक मौजूद रहे।