केदारनाथ में दो सूत्री मांगों को लेकर मंदिर परिसर में धरना देते हुए तीर्थपुरोहित।
- फोटो : RUDRAPRYAG
दो सूत्री मांगों को लेकर केदारनाथ में आंदोलनरत तीर्थपुरोहित सात सितंबर को प्रदेश सरकार का पिंडदान करेंगे। उन्होंने जल्द मांगों पर कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है। इस मौके पर जमकर नारेबाजी भी की गई।
बुधवार को केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंदिर परिसर में धरना दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देवस्थानम बोर्ड और मास्टर प्लान का लंबे समय से विरोध हो रहा है। मांग के समर्थन में बीते 37 दिन से केदारनाथ में क्रमिक अनशन जारी है। बावजूद शासन, प्रशासन द्वारा उनके आंदोलन की उपेक्षा की जा रही है। वहीं सुबह, दोपहर और सायंकाल को मंदिर परिसर में अर्धनग्न होकर धरना दे रहे आचार्य संतोष त्रिवेदी ने कहा कि सरकार को यह उपेक्षा भारी पड़ेगी। तीर्थपुरोहितों ने निर्णय लिया कि मांगों के समर्थन में 7 सितंबर को पांचवें श्राद्ध पर केदारनाथ में सरकार का पिंडदान किया जाएगा। इस मौके पर रमाकांत शर्मा, उमेद पोस्ती, तेज प्रकाश पोस्ती, रोशन तिवारी, आशुतोष, लोकेश अवस्थी, कमल त्रिवेदी, रामप्रसाद शुक्ला, अजय प्रसाद, अरविंद शुक्ला, शशि अवस्थी, प्रियांक, भगवती प्रसाद त्रिवेदी समेत अन्य मौजूद थे। संवाद