राजकीय डिग्री कॉलेज जखोली समेत ब्लॉक के दस से अधिक ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाला जखोली-देवल-ललूड़ी मोटर मार्ग लंबे समय से बदहाल पड़ा है, लेकिन सुध लेने वाला कोई नहीं है।
ब्लॉक मुख्यालय से डिग्री कॉलेज से होकर मोटर मार्ग देवल, बमणगांव, ललूडी, कांडई, मयाली आदि गांवों को जोड़ता है, लेकिन मुख्य बाजार से कॉलेज तक ही मार्ग पर डामर बिछा हुआ है। शेष मार्ग जर्जर होकर हादसों का सबब बना हुआ है। इस मार्ग से गांवों के सैकड़ों लोग प्रतिदिन आवाजाही करते हैं। लेकिन उन्हें वाहनों में सफर के दौरान खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर मार्ग की कटिंग भी मानकानुसार नहीं की गई है, जिस कारण दुर्घटना का डर बना रहता है। यहीं नहीं, निर्माण के बाद से मोटर मार्ग पर स्क्रबर, नाली व पुश्तों का निर्माण कार्य तक पूरा नहीं हो पाया है। यह मार्ग मयाली-गुप्तकाशी सड़क को भी जोड़ रहा है, जिससे गंगोत्री, यमुनोत्री से आने वाले यात्रियों को केदारनाथ पहुंचने में भी आसानी होगी। लेकिन सुध लेने वाला कोई नहीं हैं। भाजपा के सह मीडिया प्रमुख कमलेश उनियाल ने बताया कि मार्ग की बदहाली के बारे में गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत को भी अगवत कराया गया है। दूसरी तरफ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने मोटर मार्ग पर अधूरे कार्य को पूरा करने के साथ ही डामरीकरण की मांग की है।