स्वयंभू शिवलिंग से स्वर्ण छत्र और कलश उतारे
संवाद न्यूज एजेंसी
केदारनाथ। केदारनाथ मंदिर के कपाट 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद होंगे। इससे पहले बाबा केदार के शृंगार और समाधि की प्रक्रिया से जुड़ी धार्मिक परंपराएं शुरू हो गई हैं। सोमवार को पंच पंडा समिति रुद्रपुर की अगुवाई में बाबा केदारनाथ के त्रिकोणीय स्वयंभू शिवलिंग पर सुशोभित स्वर्ण छत्र और स्वर्ण कलश को विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ उतारा गया। इसके बाद दोनों को सुरक्षित भंडार गृह में रख दिया गया। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों और श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारे लगाए।
पंच पंडा समिति के अध्यक्ष अनित शुक्ला ने बताया कि वर्षों पुरानी परंपरा के तहत यह प्रक्रिया पूरी की गई है। कपाट बंद होने से पहले स्वर्ण छत्र और कलश को गर्भगृह से हटाया जाता है। दोनों अगले छह माह तक भंडार गृह में सुरक्षित रखे जाएंगे। अगले वर्ष ग्रीष्मकाल में धाम के कपाट खुलने के बाद इन्हें फिर से विधि-विधान के साथ शिवलिंग पर सुशोभित किया जाएगा। इस अवसर पर अशोक, नवीन, हिमांशु और अनिकेत सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।