अब छह माह तक यहीं होंगे दर्शन
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊखीमठ। तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ की डोली शीतकालीन पूजा-अर्चना के लिए अपने गद्दी स्थल मर्कटेश्वर मंदिर मक्कूमठ में विराजमान हो गई। अब आगामी छह माह तक श्रद्धालु मक्कूमठ में ही बाबा तुंगनाथ के दर्शन कर सकेंगे।
रविवार सुबह नौ बजे तुंगनाथ की चल उत्सव विग्रह डोली अपने अंतिम रात्रि प्रवास स्थल भनकुन से अगले पड़ाव के लिए प्रस्थान किया। डिलणा और ग्वाड़ होते हुए राक्षी नदी में स्नान के बाद डोली मर्कटेश्वर मंदिर परिसर पहुंची। यहां भक्तों एवं मक्कू गांव के ग्रामीणों ने डोली का भव्य स्वागत किया। भूतनाथ मंदिर एवं मर्कटेश्वर मंदिर की परिक्रमा करने के बाद बाबा की डोली मंदिर परिसर में विराजमान हुई। इस दौरान मठापति मुकेश मैठाणी की मौजूदगी में भोग मूर्तियों की आरती उतारी गई। पंच पुजारियों की ओर से सभी धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करने के बाद भोग मूर्तियों को मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया गया। अब छह माह तक शीतकालीन पूजन एवं दर्शन मर्कटेश्वर मंदिर मक्कूमठ में ही होंगे। इस अवसर पर विधायक आशा नौटियाल, सीमांत क्षेत्र अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, मधुगंगा ग्रुप के चेयरमैन कुशाल सिंह नेगी, प्रबंधक प्रकाश पुरोहित, ग्राम प्रधान मक्कू सुनीता मैठाणी, प्रधान पाव विनोद सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य आशीष चौहान, पूर्व प्रधान विजयपाल सिंह नेगी, पुजारी प्रकाश मैठाणी आदि मौजूद रहे।