बारिश के कारण नगर क्षेत्र के बेलणी में एक आवासीय मकान का आंगन ध्वस्त हो गया है। वहीं नगर क्षेत्र में एक होटल के परिसर का पुश्ता भी ध्वस्त हो गया, जिससे वहां खड़ी कार भी मलबे के साथ जा गिरी। जिला आपदा प्रबंधन द्वारा त्वरित सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। साथ ही भवन स्वामी को सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र शरण लेने को कहा है।
बृहस्पतिवार दोपहर बाद हुई तेज बारिश से बेलणी क्षेत्र में हाईवे के ऊपरी तरफ एक आवासीय मकान के आंगन का पुश्ता ध्वस्त हो गया। जिला आपदा प्रबंधन की टीम व पुलिस ने मौके पर जाकर प्रभावित परिवार की जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से भवन स्वामी व किराएदारों को अन्यत्र शरण लेने को कहा है। उधर, बदरीनाथ हाईवे पर भाणाधार के समीप पुष्पदीप होटल के परिसर का एक हिस्सा रेलिंग सहित ध्वस्त हो गया है। इस दौरान यहां खड़ी कार भी मलबे के साथ ढह गई। नया बस अड्डा क्षेत्र में भी पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। वहीं, निर्माणाधीन डांगसेरा-चिनग्वाड़ मोटर मार्ग पर भी कई जगहों पर स्थिति दयनीय हो गई है। दूसरी तरफ लगातार हो रही तेज बारिश से अलकनंदा-मंदाकिनी के संगम का जलस्तर भी बढ़ गया है। जिलाधिकारी मनुज गोयल व पुलिस अधीक्षक ने नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने को कहा है।