शिव-पार्वती की विवाह स्थली त्रियुगीनारायण में पांच दिवसीय बामन द्वादश मेला का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुक्रवार को शुुरू हो गया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी ने प्राचीन मेलों के मूल स्वरूप को यथावत बनाए रखने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की बात कही।
लोक गाक ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी परंपराओं, रीति-रीवाज और लोक संस्कृति के लिए विश्व संस्कृति में विशेष स्थान रखता है। ऐसे में हम सब की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि मेलों को उनके उसी स्वरूप में रखा जाए, जिससे उन्हें पहचान मिली है।
उन्होंने लोक संस्कृति के प्रचार-प्रसार और संरक्षण के लिए नई पीढ़ी को आगे आने को कहा। इस मौके पर नेगी ने कई लोकगीत भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्राम प्रधान विजय लाल ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से मेले को पांच दिवसीय किया गया है।
उन्होंने मेला की रूपरेखा पर चर्चा की। आयोजन समिति के दिवाकर गैरोला ने बताया कि मेला में लोक गायक/गायिकाओं की सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया गया है। इसके अलावा महिला व युवक मंगल दलों के साथ-साथ स्कूली बच्चों के लिए लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर ग्राम प्रधान तोषी, गौरीकुंड सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। ब्यूरो