कैबिनेट मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने हड़ताली शिक्षकों की पैरवी करते हुए कहा कि शिक्षकों के साथ अन्याय हो रहा है, उनका विरोध गलत नहीं है। नैथानी ने कहा कि अतिथि शिक्षकों के साथ भी सरकार किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने देेगी। युवाओं के भविष्य को देखते हुए सरकार जल्द ठोस कार्रवाई करने वाली है।
यहां प्रेसवार्ता में शिक्षा एवं पेयजल मंत्री ने कहा कि शिक्षा के स्तर को बेहतर करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मॉडल स्कूल के माध्यम से सरकारी शिक्षा को ढर्रे पर लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानांतरणों में पूरी तरह से पारदर्शिता बरतते हुए इस बार जरूरतमंदों को उचित स्थानों पर भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि अनुकंपा की प्रक्रिया पूरी तरह से खत्म कर दी गई है। इस बार दूरस्थ से दूरस्थ विद्यालयों में वर्षों से नौकरी करने वाले शिक्षकों को स्थानांतरण पर रानी पोखरी, हल्द्वानी सहित कई सुलभ स्थान प्राप्त हुए हैं। कहा कि बीते दो-तीन वर्षों की तुलना में इस वर्ष अभी तक सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या सुधारी है।
नैथानी ने कहा कि बरसात के बाद स्कूलों व पेयजल लाइनों को पहुंची क्षति का आकलन कर जल्द मरम्मत के प्रयास होंगे। इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री ने कलेक्ट्रेट में डीएम की मौजूदगी में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।
अपने समय पर होंगे चुनाव
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव अपने समय पर ही होंगे। जो भी होगा अपने क्षेत्र देवप्रयाग से ही चुनाव लड़ा जाएगा। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने के सवाल पर नैथानी ने कहा कि समय से पहले ढोल बजाकर बेवजह शोर करना सही नहीं है। जब समय आएगा तब उचित निर्णय लिया जाएगा।