व्यापार संघ भवन के फर्नीचर के लिए विधायक आशा ने एक लाख देने की घोषणा की
संवाद न्यूज एजेंसी
अगस्त्यमुनि। नगर व्यापार मंडल की ओर से रविवार को सौड़ी स्थित क्रौंच हिल्स में वरिष्ठ व्यापारी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल किया। इस दौरान वरिष्ठ व्यापारियों को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। दिवंगत व्यापारियों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया।
इस दौरान केदारनाथ विधायक ने कहा कि व्यापारियों के योगदान से नगर को स्वच्छ रखने में सफलता मिली है। उन्होंने व्यापार संघ भवन के लिए भूमि चिह्नित कर निर्माण की दिशा में कार्रवाई करने की बात कही। साथ ही भवन के फर्नीचर के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि कार्यों के लिए मिला सम्मान अहम होता है। समारोह में व्यापार मंडल अध्यक्ष त्रिभुवन नेगी ने व्यापार संघ भवन निर्माण की मांग रखी। भाजपा नेता कुलदीप रावत ने कहा कि सम्मान समारोह एक सकारात्मक पहल है। बदलते दौर के साथ व्यापार के तौर-तरीकों में भी बदलाव जरूरी है। सीमांत क्षेत्र अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि व्यापार में ग्राहकों का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है। महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने कहा कि व्यापारी समाज में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में प्रदेश आपदा राहत कार्य संयोजक अनूप सेमवाल, जिला व्यापार मंडल महामंत्री चंद्रमोहन सेमवाल, नगर व्यापार संघ रुद्रप्रयाग अध्यक्ष लक्ष्मण बिष्ट आदि मौजूद रहे।