नरकोटा में 35 लाख की लागत से किया गया था निर्माण
दो सौ मीटर मार्ग पर नहीं बरसाती पानी निकासी के इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत नरकोटा में हाईवे से गांव तक रेलवे विकास निगम की ओर से निर्मित मार्ग के किनारे बने पुश्ते पहली ही बरसात में जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गए। 35 लाख रुपये की लागत से बने पुश्ते ध्वस्त होने से अब बरसाती पानी घरों में घुस रहा है।
इस वर्ष फरवरी-मार्च माह में रेलवे विकास निगम ने रेलवे परियोजना से प्रभावित ग्राम पंचायत नरकोटा में ग्रामीणों की सुविधा के लिए ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे से गांव तक हल्का वाहन मार्ग का निर्माण किया गया था। करीब दो सौ मीटर लंबे इस मार्ग के पुश्ते पहली ही बरसात में क्षतिग्रस्त हो गए। पूर्व ग्राम प्रधान सुरेंद्र प्रसाद जोशी ने बताया कि मार्ग निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है। बरसात के पानी की निकासी के लिए नाली नहीं बनाई गई है जिससे यहां पानी जमा हो रहा है। अब यह पानी घरों में जा रहा है और स्थानीय मुकेश भट्ट व रमेश भट्ट के मकानों को खतरा पैदा हो गया है। इधर लोनिवि के सहायक अभियंता संजय सैनी ने बताया कि इस संबंध में ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं। ध्वस्त पुश्ते का पुनर्निर्माण प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा।