रुद्रप्रयाग। जागरूक नागरिक होने के नाते दो बालिकाओं को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने पर बस चालक उपेंद्र थपलियाल और परिचालक ऋतुराज सिंह को पुलिस ने सम्मानित किया।
कुछ दिन पूर्व रुद्रप्रयाग जिले की दो बालिकाएं बिना बताए घर से कहीं चली गई थीं। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बालिकाओं का विवरण सीमावर्ती जनपदों और थाना-चौकियों को प्रसारित किया। उसी दौरान बस चालक उपेंद्र थपलियाल निवासी मयाली, रुद्रप्रयाग और परिचालक ऋतुराज सिंह निवासी मातली उत्तरकाशी ने देखा कि उनकी बस में दो बालिकाएं अकेली बैठी हैं। उनके पास न तो टिकट के पैसे थे और न ही कोई अभिभावक। संदेह होने पर उन्होंने बालिकाओं को सुरक्षित पुलिस चौकी कलियासौड़ (कोतवाली श्रीनगर, जनपद पौड़ी गढ़वाल के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया। बुधवार को पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल और प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने चालक उपेंद्र थपलियाल और परिचालक ऋतुराज सिंह को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। संवाद