फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शीतकाल के लिए बंद हुए मद्महेश्वर धाम के कपाट

Tue, 22 Nov 2016 10:10 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला रुद्रप्रयाग
विज्ञापन
विज्ञापन
द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। आराध्य की चल विग्रह डोली रात्रि प्रवास के लिए अपने पहले पड़ाव गौंडार गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों ने बाबा मद्महेश्वर के जयकारों के बीच उनका स्वागत किया। डोली 25 को ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होगी। छह माह की पूजा अब शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में ही होगी।
विज्ञापन


मंगलवार को मद्महेश्वर धाम में प्रात: 4 बजे से मंदिर के कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। मंदिर के मुख्य पुजारी गंगाधर लिंग ने भगवान की पूजा कर स्वयंभू लिंग को समाधि रूप दिया। इस मौके पर बालभोग, महा अभिषेक पूजन, शृंगार, महाभोग व संपूर्ण आरती सहित अन्य पूजा कीं।

इसके बाद घी का महाभिषेक कर पुष्पाभिषेक, भष्माभिषेक के साथ फल व अन्य प्रकार के फूलों से भगवान मद्महेश्वर  का शृंगार किया गया। इसके बाद भगवान की आरती की गई। श्लोक व मंत्रोच्चारण के साथ सभी परंपराओं के तहत भगवान मद्महेश्वर  की भोग मूर्ति प्रात: 8 बजे सभा मंडप में विराजमान की गई।
विज्ञापन


यहां पर आरती करते हुए मूर्ति को विधि-विधान के साथ चल विग्रह उत्सव डोली में विराजमान किया गया। भगवान को लगाया गया भोग भक्तों को प्रसाद रूप में बांटा गया। साढ़े आठ  बजे मंदिर की तीन परिक्रमा के बाद भगवान मद्महेश्वर ने अपने शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया।

इसके बाद मद्महेश्वर धाम के कपाट बंद कर दिए गए। कुन्नचट्टी, नानू, खडराखाल, बणतोली होते हुए डोली दोपहर बाद अपने पहले पड़ाव गौंडार गांव पहुंची। इस मौके पर मंदिर के प्रबंधक वाईएस फरस्वाण, डोली प्रभारी पारेश्वर त्रिवेदी, वेदपाठी बीएन तिवारी, मृत्युंजय हिरेमठ, राजीव भट्ट, दीपक कुंवर, शिव रावत सहित पंच गौंडारी मौजूद थे।

25 को रुद्रप्रयाग जिले में अवकाश
द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ आगमन पर तीन दिवसीय मद़्महेश्वर मेला के तहत 25 नवंबर को जिले में अवकाश रहेगा। जिलाधिकारी डा. राघव लंगर ने बताया कि इस तिथि पर सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें