कालीमठ व मद्महेश्वर घाटी की जनसमस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा ने जिलाधिकारी मनुज गोयल से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने संचार, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंक, शौचालय समेत क्षेत्र की 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन भी सौंपा।
कालीमठ वार्ड के जिला पंचायत सदस्य राणा ने जिलाधिकारी को बताया कि कालीमठ व मद्महेश्वर घाटी की 20 से अधिक ग्राम पंचायतें मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। द्वितीय केदार के यात्रा मार्ग व पड़ाव पर बिजली, पानी, सड़क, संचार सेवा का अभाव है। क्षेत्र के कई गांवों में लोगों को फोन पर बात करने के लिए घर से एक से दो किमी दूर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाना होता है। बताया कि गौंडार, स्यांसूगढ़, पाली, सरूणा, चिलौंड, गैड, बष्टी, फाफंज आदि कई गांवों के ग्रामीण यातायात सुविधा के अभाव में मीलों पैदल नापने को मजबूर हैं। बताया कि डीएम ने समस्याओं पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। ब्यूरो