डामरीकरण व सुधारीकरण के लिए 4.15 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। नगरासू-कोट-जसोली मार्ग के जर्जर हिस्सों के सुधारीकरण की मांग शीघ्र पूरी होने की उम्मीद है। विभाग ने इस 13.70 किमी सड़क के डामरीकरण व सुधारीकरण के लिए 4.15 करोड़ रुपये का आगणन तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा है।
नगरासू-कोट-जसोली मार्ग से हरियाली देवी मंदिर और जगत सिंह चौधरी जंगली के विकसित जंगल क्षेत्र में आने-जाने वाले श्रद्धालु व पर्यटक आवाजाही करते हैं। इसके अलावा स्थानीय ग्रामीण, गर्भवती महिलाएं और स्कूली छात्र-छात्राएं भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। सड़क के सुधारीकरण की मांग के लिए पूर्व छात्रसंघ सचिव प्रदीप सिंह रावत ने अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई को पत्र भेजा था। अधीक्षण अभियंता पीएमजीएसवाई वृत्त गोपेश्वर ने मुख्य अभियंता पीएमजीएसवाई गढ़वाल क्षेत्र को भेजे पत्र में नगरासू कोट जसोली मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य, अनुरक्षण व सुधारीकरण के लिए 4.15 करोड़ रुपये का आगणन भेजा है। पीएमजीएसवाई रुद्रप्रयाग के अधिशासी अभियंता योगेश कोटियाल ने बताया कि प्रस्ताव तैयार कर ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी को भेजा गया है। वहीं विधायक व कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बताया कि नगरासू-कोट-जसोली मार्ग के लिए नाबार्ड योजना से धनराशि स्वीकृति की जानी है। धनराशि स्वीकृति होते ही काम शुरू हो जाएगा।
-
प्रस्तावित आंदोलन वापस लिया
पूर्व छात्रसंघ सचिव प्रदीप सिंह रावत ने सड़क सुधारीकरण के लिए आठ अक्टूबर को ईई का पत्र में 15 दिन के में कार्य शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। तब विभाग ने ठेकेदार को पैच भरने का लिखित नोटिस दिया। विभाग ने आगणन मुख्य अभियंता पीएमजीएसवाई को भेजा। इसके बाद प्रस्तावित आंदोलन वापस ले लिया गया।
3.75 करोड़ से होगा कालीमठ-कोटमा-जाल-चौमासी मार्ग का सुधारीकरण
गुप्तकाशी। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने बृहस्पतिवार को कालीमठ-कोटमा-जाल-चौमासी मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का कबिल्ठा में भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। 3.75 करोड़ रुपये की लागत यह कार्य पूरा होगा। इससे कालीमठ घाटी के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। इस मार्ग के सुधारीकरण से कालीमठ, कविल्ठा, कोटमा, खुन्नू, जालतल्ला, जाल मल्ला और चौमासी सहित आसपास के गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। इससे कालीमठ घाटी के अनेक गांवों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा, अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस, मंडल अध्यक्ष किरन शुक्ला, सीमा असवाल, राय सिंह राणा, बिपिन सेमवाल, प्रधान कुलदीप सिंह, बलबीर रौथाण, अनिल शाह आदि मौजूद रहे। संवाद