20 निक्षय मरीजों को पोषण किट भी बांटी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। जिले के दस गांवों को राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत निवारणीय अंधता मुक्त ग्राम घोषित किया गया। रामकृष्ण मिशन आश्रम, देहरादून, विवेकानंद नेत्रालय और भारतीय कृषि बीमा कंपनी के माध्यम से गांवों में प्रमाणपत्र वितरित किए गए और सूचना बोर्ड स्थापित किए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने संबंधित गांवों के प्रधानों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, नेत्र रोगों की समय पर पहचान और जरूरतमंद मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस पहल के तहत मेदनपुर, ग्वाड, पोखरसारी, नारी, सतेरा, खतेण, तमिंड, पीड़ा, ग्वाड थापाली और चौकी गांवों को निवारणीय अंधता मुक्त ग्राम घोषित किया गया। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा जगदीश टेकचंदानी, भारतीय कृषि बीमा कंपनी के सहायक प्रबंधक शुभम जौहरी, रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी असिमात्मानंद, जिला निक्षय कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कुणाल चौधरी और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश नौटियाल सहित विवेकानंद नेत्रालय की टीम, ग्राम प्रधान और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान 20 निक्षय मरीजों को पोषण किट भी वितरित की गईं।