अगस्त्यमुनि/रुद्रप्रयाग। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस पर युवाओं के लिए सहकारिता के क्षेत्र में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया। इस मौके पर युवाओं को सहकारिता के सदस्य बनने और विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही सरकार की रोजगारपरक योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।
अनसूया प्रसाद बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित कार्यशाला में जिला सहायक निबंधक मोनिका ने कहा कि युवाओं के माध्यम से सहकारिता संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति करने में सहायक बन एक बेहतर विश्व का निर्माण कर सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र योजना, सीएससी योजना, प्रधानमंत्री समृद्धि केंद्र योजना, माधो सिंह भंडारी संयुक्त सहकारी खेती योजना, राज्य समेकित विकास परियोजना, बैंक ऋण आदि के बारे में बताया। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, महाप्रबंधक उद्योग विभाग महेश प्रकाश, दुग्ध विभाग एवं मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारियां दीं। कार्यशाला में कुल 200 युवाओं ने प्रतिभाग किया। संवाद