रुद्रपुर/खटीमा। छात्रसंघ चुनाव को लेकर जिले भर के डिग्री कॉलेजों में शनिवार को आम सभा होनी थी। लेकिन रुद्रपुर के एसबीएस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय और एचएनबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रत्याशियों और विद्यार्थियों के नहीं पहुंचने से आम सभा रद्द करनी पड़ी। दोनों ही कॉलेजों में आई कार्ड बनवाने के लिए गिने चुने विद्यार्थियों की आवाजाही रही। अब सोमवार (नौ सितंबर) को मतदान होगा। दिलचस्प बात है कि रुद्रपुर डिग्री कॉलेज में लगातार दूसरे साल आम सभा को रद्द करना पड़ा है।
शनिवार को रुद्रपुर महाविद्यालय के हॉल में छात्रसंघ चुनाव की आम सभा होनी थी। आम सभा को देखते हुए बड़ी संख्या में कॉलेज गेट और परिसर में पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। लेकिन निर्धारित समय 12 बजे तक सभास्थल में न तो कोई प्रत्याशी पहुंचा और न ही प्रत्याशियों को सुनने के लिए विद्यार्थी ही आए। कुछ गिने चुने विद्यार्थी हॉल में थे, जो आई कार्ड बनवाने आए थे।
15 मिनट के इंतजार के बाद भी प्रत्याशी और विद्यार्थी नहीं आए तो मुख्य चुनाव प्रभारी डॉ. डीकेपी चौधरी ने सभास्थल से आमसभा रद्द करने की घोषणा कर दी। उन्होंने बताया कि पिछले साल आम सभा के ठीक एक दिन पहले सभी प्रत्याशियों ने सभा नहीं करने का लिखित में पत्र दिया था। इस वजह से आम सभा रद्द करनी पड़ी थी। इस बार आम सभा में एक भी प्रत्याशी नहीं आया और न ही प्रत्याशियों को सुनने के लिए विद्यार्थी पहुंचे। बताया कि अब नौ सितंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान होगा।
कुल 5745 मतदाता अध्यक्ष सहित आठ पदों के लिए मैदान में उतरे 17 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 2314 छात्र और 3431 छात्राएं शामिल हैं। मतदान के बाद दोपहर 2:30 बजे से मतगणना और फिर परिणाम की घोषणा की जाएगी। उसके बाद निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। मतदान के लिए कॉलेज परिसर में 10 बूथ बनाए गए हैं।
बताया कि सचिव, संयुक्त सचिव और सांस्कृतिक सचिव का निर्विरोध निर्वाचन तय है। इधर, खटीमा के एचएनबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय भी भी प्रत्याशियों और विद्यार्थियों के नहीं आने से वहां भी आम सभा को रद्द करना पड़ा। चुनाव प्रभारी डॉ. केबी श्रीवास्तव ने बताया कि कॉलेज प्रशासन की प्राचार्य डॉ. एआर अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निष्पक्ष मतदान को लेकर चर्चा की गई। साथ ही एसडीएम और कोतवाल ने भी कॉलेज में पहुंचकर जानकारी ली।
काशीपुर : प्रत्याशियों ने दिया समस्याओं को दूर करने का आश्वासन
काशीपुर। राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रत्याशियों के लिए आम सभा का आयोजन किया गया। इसमें प्रत्येक प्रत्याशी को पांच मिनट का समय दिया गया लेकिन छात्र नेता तीन मिनट तक ही मंच पर नहीं टिक सके। अध्यक्ष पद के दावेदार प्रीत ढींगरा ने महाविद्यालय की सभी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया।
शुभम कनौजिया ने स्वस्थ और शैक्षणिक वातावरण बनाने पर जोर दिया। उपाध्यक्ष छात्रा दावेदार राखी यादव ने महाविद्यालय में पुस्तकों की समस्या को शीघ्र समाप्त कराने का आश्वासन दिया। कोषाध्यक्ष पद के दावेदार विवेक कुमार शर्मा और हिमांशु गौतम ने महाविद्यालय के विकास के लिए कार्य कराने का भरोसा दिलाया।
इसके अलावा अन्य प्रत्याशियों ने भी महाविद्यालय में पुस्तकें, साफ-सफाई सहित अन्य मुद्दों के निराकरण का दंभ भरा। संचालन मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. महिपाल सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि नौ सितंबर को 3476 विद्यार्थी (1975 छात्राएं, 1499 छात्र) मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
रुद्रपुर डिग्री कालेज में आम सभा रद्द करने की घोषणा करते मुख्य चुनाव अधिकारी।- फोटो : RUDRAPUR