अगस्त्यमुनि। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने और समाज में नशे से जुड़ी गतिविधियों की रोकथाम में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. केसी दुदपुड़ी ने की। संयोजक डॉ. ममता शर्मा ने कार्यशाला के उद्देश्य और महत्व बताया। मुख्य वक्ता कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गुमान सिंह नेगी ने विद्यार्थियों को नशे की प्रवृत्ति से बचने और सजग रहने की अपील की। सीएचसी तिलवाड़ा के डॉ. आदित्य काला ने समाज में नशे के प्रसार के तरीकों की जानकारी दी। सीएचसी के काउंसलर जयदीप ने नशे की समस्या से बचने के लिए विद्यार्थियों को परामर्श दिया। संचालन डॉ. सुनील भट्ट ने किया। इस दौरान डॉ. मुक्ता डंगवाल, डॉ. अखिलेश्वर द्विवेदी, छात्रसंघ अध्यक्ष लक्की राणा, महासचिव लोकेश बिष्ट, कोषाध्यक्ष सोनाली और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संवाद