ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना के तहत कार्यदायी संस्था मेगा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के विरुद्ध मजदूरों की 10 दिन से चली आ रही हड़ताल डिप्टी लेबर कमिश्नर देहरादून के आश्वासन पर खत्म हो गई है।
सीटू के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, मंत्री लेखराज, जिला मंत्री वीरेंद्र गोस्वामी और मजदूर यूनियन के अध्यक्ष रविंद्र रावत ने देहरादून पहुंचकर डिप्टी लेबर कमिश्नर सुशील कुमार से भेंट की। डिप्टी लेबर कमिश्नर ने रेलवे परियोजना की कार्यदायी संस्था को 24 निष्कासित कर्मियों को बहाल करने और यूनियन को मान्यता देने के आदेश फोन पर कंपनी प्रबंधन को दिए। साथ ही प्रतिनिधिमंडल की अन्य मांगों पर भी उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। जिस पर मजूदरों ने हड़ताल समाप्त की।