उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम बोर्ड प्रबंधन बोर्ड में नियुक्त स्थिर वेतन भोगी कर्मचारियों ने स्थायीकरण व समायोजन की मांग की है। उन्होंने कहा है कि वे वर्षों से इसी वेतन पर अस्थायी कर्मचारी के तौर पर कार्य कर रहे हैं। इस कारण उन्हें समान कार्य, समान वेतन का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
चारधाम बोर्ड में कार्यरत स्थिर वेतन भोगी कर्मचारियों का कहना है कि वे विषम भौगोलिक परिस्थितियों में केदारनाथ, बदरीनाथ, मद्महेश्वर, तुंगनाथ समेत अन्य उच्च हिमालयी मंदिरों में काम करते आ रहे हैं। यात्राकाल हो चाहे अन्य समय पर वे ईमानदारी व कर्मठता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं लेकिन उनकी निरंतर अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चारधाम देवस्थानम बोर्ड से अस्थायी कर्मियों को स्थायी करने, समायोजित करने, समान कार्य का समान वेतन देने, नियमित कर्मचारियों की भांति यात्रा भत्ता व अन्य सुविधाएं देने की मांग की है। मांगपूर्ति को लेकर कर्मियों ने अस्थायी कर्मचारी संगठन का गठन भी किया है, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व दायित्वधारी अजेंद्र अजय को संरक्षक बनाया गया है। इधर, संगठन के संरक्षण ने बताया कि वे जल्द ही कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे।