75 प्रतिशत किसानों की आईडी बनाने का है लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। जनपद में 21 नवंबर से विशेष फार्मर रजिस्ट्री शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में 30 नवंबर तक पीएम-किसान योजना के 75 प्रतिशत लाभार्थियों की फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान एग्रीस्टैक परियोजना के तहत चलाया जाएगा। अपर जिलाधिकारी कमलेश मेहता ने संबंधित अधिकारियों को तय समय में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट ने बताया कि जिन किसानों की फार्मर आईडी अभी तक नहीं बनी है वे अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर पंजीकरण कराएं। उन्होंने ग्राम प्रधानों से भी गांवों में इसकी जानकारी देने और किसानों को शिविरों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शिविर में संबंधित क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक नोडल अधिकारी और सत्यापनकर्ता के रूप में काम करेंगे। वे भूमि अभिलेखों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में भी सहयोग करेंगे। कृषि और उद्यान विभाग के कर्मचारी ऑपरेटर के रूप में मौजूद रहेंगे। फार्मर आईडी बनवाने के लिए किसानों को खसरा-खतौनी, आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल फोन साथ लाना होगा।