केदारघाटी की ग्राम पंचायत ल्वारा में पिता को मुखाग्नि देते हुए बेटे की भी मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है। गांव के 81 वर्षीय वृद्ध श्याम लाल का बुधवार रात निधन हो गया था। वे कुछ समय से बीमार थे।
बृहस्पतिवार को कुंड में मंदाकिनी नदी किनारे पैतृक घाट पर उनकी अंत्येष्टि की जा रही थी। उनके पुत्र शिशुपाल लाल (51 वर्ष) जैसे ही चिता को मुखाग्नि देने लगे, उन्हें दिल का दौरा पड़ा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इस घटना से वहां मौजूद अन्य लोग भी स्तब्ध रह गए। इसके बाद गमगीन माहौल में पहले पिता और बाद में अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद बेटे की भी अंत्येष्टि की गई। ग्राम प्रधान कैलाश पुरोहित ने कहा कि पीड़ित परिवार की ग्राम पंचायत स्तर पर हरसंभव मदद की जाएगी।