केदारनाथ धाम का 40 दिनों से जिला मुख्यालय से संपर्क कटा हुआ है। धाम में अभी भी 10 फीट बर्फ है। जिसके चलते यहां बिजली, पानी, संचार सेवाएं ठप पड़ी है। वहीं मंगलवार को जिला मुख्यालय समेत अन्य क्षेत्रों में सुबह बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम सुहावना होता गया और तेज धूप खिली, लेकिन शाम चार बजे के बाद मौसम खराब होने से कुछ देर हल्की बूंदाबांदी हुई।
बीते वर्ष 12/13 दिसंबर को हुई बर्फबारी के बाद से केदारनाथ में संचार और बिजली सेवा ठप पड़ी है और सभी मजदूर यहां से लौट चुके है। ऐसे में प्रशासन को धाम की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि मौसम में सुधार होने पर टीम को धाम भेजा जाएगा, तभी वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगी। इधर, वुड स्टोन कंपनी के टीम लीडर मनोज सेमवाल ने बताया कि गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगलचट्टी से आगे पांच फीट से अधिक बर्फ है, जिस पर आवाजाही संभव नहीं है। मौसम के ठीक होने पर फरवरी पहले सप्ताह धाम के लिए टीम भेजी जा सकती है।