हिटो केदार अभियान के समापन पर रविवार को आयोजित केदार संध्या में भगवान शिव के जयकारों से केदारनाथ धाम गूंज उठा। सूफी गायक कैलाश खेर के भजनों की प्रस्तुति पर मुख्यमंत्री हरीश रावत भी झूम उठे। समारोह में मुख्यमंत्री ने हिटो केदार अभियान में शामिल ट्रैकिंग दलों के सदस्यों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 को उत्तराखंड ट्रैक ऑफ द ईयर के रूप में मनाया जाएगा। द्रोणागिरी और ओम पर्वत पर ट्रैकिंग की जाएगी। उत्तराखंड में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ इसे स्वरोजगार से भी जोड़ना होगा। उन्होंने माउंटेनियर्स एंड ट्रैकर्स एसोसिएशन उत्तराखंड (माटा) द्वारा बीते एक से आठ अक्तूबर तक आठ ट्रैकिंग रूटों पर केदारनाथ तक चलाए गए ट्रैकिंग अभियान के सफल संचालन के लिए आयोजकों और ट्रैकर्स को बधाई दी।
कहा कि अभियान की सफलता ने भविष्य की उम्मीदों को भी पंख लगा दिए हैं। मुख्यमंत्री ने आठ ट्रैकिंग दलों में शामिल 252 ट्रैकर्स, जिसमें 45 महिलाएं/युवतियों के अलावा चार दिव्यांग भी शामिल थे, के हौसले और हुनर पर उन्हें शाबाशी दी। कहा कि उत्तराखंड को पर्यटन, तीर्थाटन और साहसिक पर्यटन के रूप में देश में पहचान दिलाने और समृद्ध राज्य बनाने में यह अभियान मील का पत्थर साबित होगा।
पर्यटन मंत्री दिनेश धनै ने कहा कि पर्यटन, तीर्थाटन और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास हो रहे हैं। माटा के अध्यक्ष मनोज रावत ने हिटो केदार अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ट्रैकिंग दलों में शामिल माटा के संयोजक कर्नल केएस मल्ल (सेवानिवृत्त), डीआईजी अशोक कुमार, एसएसपी सदानंद दाते, एसपी पीएन मीणा सहित अन्य को सम्मानित किया।
इसके बाद आयोजित केदार संध्या में सूफी गायक कैलाश खेर के केदारनाथ पर बनाए गए ‘जय केदारा’ वीडियो का विमोचन किया गया। गायक खेर ने पदमासन में बैठे मौन, ये भोले बाबा कौन, जय केदारा, जय केदारा और भकड़ बम आदि भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर सीएम हरीश रावत, स्वामी चिदानंद स्वामी जी महाराज भी झूमने लगे। समारोह में कमिश्नर गढ़वाल विनोद शर्मा, एडीजी राम सिंह मीणा, अपर आयुक्त हरक सिंह रावत, डीएम डा. राघव लंगर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।