अगले वर्ष मार्च से ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भूस्खलन जोन सिरोहबगड़ से पूरी तरह से निजात मिल जाएगी। इसके विकल्प के तौर पर तैयार किए जा रहे दैजीमांडा-छांतीखाल मोटर मार्ग के कटिंग का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। मार्ग पर मार्च 2016 से यातायात शुरू हो जाएगा।
दशकों से भूस्खलन जोन सिरोहबगड़ से प्रभावित होने वाला यातायात अब वर्षभर सुचारु संचालित होता रहेगा। समस्या से निजात पाने के लिए इस वर्ष मई में राजमार्ग-58 पर खांकरा से कुछ आगे दैजीमांडा से छांतीखाल तक 4.5 किमी बाईपास मार्ग का निर्माण शुरू किया गया। उसकी कटिंग अंतिम चरण में है।
4.5 करोड़ में लोनिवि प्रांतीय खंड रुद्रप्रयाग की ओर से निर्माण कार्य के तहत खांकरा और छांतीखाल की तरफ से दो-दो किमी कटिंग पूरी हो चुकी है। 500 मीटर बीच के हिस्से की कटिंग भी जल्द पूरी हो जाएगी। मार्ग पर निकास नाली के साथ ही हॉटमिक्स का काम अगले वर्ष फरवरी तक पूरा हो जाएगा। विभाग की मानें तो मार्च प्रथम सप्ताह से बाईपास से यातायात का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस मार्ग के बनने से अब लोगों को खांकरा-खेड़ाखाल मार्ग का फेरा भी नहीं लगाना पड़ेगा।
4.5 बाईपास मार्ग पर 40 लाख रुपये में कटिंग होनी है। शेष 4 करोड़ 10 लाख रुपये में अन्य कार्य सहित हॉटमिक्स किया जाना है। मार्च 2016 में बाईपास से यातायात संचालित कर दिया जाएगा। - इंद्रजीत बोस, ईई लोनिवि प्रांतीय खंड रुद्रप्रयाग