पांच किमी तक सड़क सिंगल लेन होने के कारण रेंग रहे वाहन
शटल वाहनों में बैठने के लिए यात्रियों में मच रहा मारामारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पहुंच रहे यात्रियों को पांच किमी का सफर भारी पड़ रहा है। सोनप्रयाग में उतरने के बाद उन्हें शटल वाहन से गौरीकुंड पहुंचना पड़ रहा है। मगर वाहन में बैठने के लिए मारामारी से लेकर जाम में फंसने से यात्री परेशान हो रहे हैं। वहीं गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी भारी भीड़ उमड़ रही है।
केदारनाथ यात्रा का मुख्य पड़ाव सोनप्रयाग है जहां से यात्रा का संचालन किया जा रहा है। यात्री वाहन बुक कर सोनप्रयाग तक पहुंच रहे हैं। यहां से उन्हें शटल सेवा (टैक्सी-मैक्सी) से गौरीकुंड भेजा जा रहा है। मगर यह पांच किमी का सफर यात्रियों पर सबसे ज्यादा भारी पड़ रहा है। सोनप्रयाग बाजार से एक्रो पुल पार करते ही यात्री शटल स्टैंड तक पहुंच रहे हैं तो यहां वाहनों में बैठने के लिए मारामारी हो रही है। परिवहन विभाग ने भले ही महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग से 25 वाहन आरक्षित किए हैं लेकिन भीड़ के आगे यह व्यवस्था बौनी साबित हो रही है। सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक पांच किमी क्षेत्र में सिंगल लेन होने के कारण शटल वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ रहे हैं जिससे यहां जाम लग रहा है। साथ ही यात्री वाहन के साथ माल वाहन भी संचालित हो रहे हैं जो जाम का बड़ा कारण बन रहे हैं। यात्री प्रदीप सिंह, नरेंद्र कुमार, प्रमोद प्रसाद, अवनीश सैनी, सविता गुप्ता, जनेंद्र कुशवाह ने बताया कि पहले तो सोनप्रयाग में वाहन पार्किंग में खड़े करने में दिक्कत हुई। उसके बाद जैसे-तैसे शटल सेवा तक पहुंचे तो वहां वाहन में सीट मिलना मुश्किल हो गया। दूसरी तरफ गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी कई बार भारी भीड़ उमड़ रही है, जिसे नियंत्रित करने में यात्रा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के पसीने छूटे रहे हैं।