शंकराचार्य माधवाश्रम महाराज के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। उनके शरीर के सभी अंग सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। ब्लड प्रेशर, शुगर भी सामान्य है। पीजीआई चंडीगढ़ से आई चार सदस्यीय चिकित्सकीय टीम ने रविवार को कोटेश्वर मंदिर/धर्मशाला में शंकराचार्य का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
चेकअप के साथ सभी जांच की गई, जो सामान्य मिली। टीम में शामिल न्यूरॉलाजिस्ट डा. मनोज ने बताया कि शंकराचार्य की दिल और नाड़ी की धड़कनें सामान्य हैं। उन्हें छाती में संक्रमण था, उसमें तेजी से सुधार हो रहा है। अच्छी बात यह है कि उन्हें शुगर की समस्या नहीं हैं।
दल में प्रो. विवेक लाल, डा. डीके चौहान और डा. अनिल बंसल शामिल थे। शंकराचार्य के निजी सचिव आशीष वशिष्ठ ने बताया कि चिकित्सकीय दल द्वारा जांच के दौरान रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल से कुछ सहयोग मांगा गया, लेकिन सहयोग नहीं मिला। विदित हो कि हालत गंभीर होने के बावजूद शंकराचार्य को उनकी इच्छा पर विगत मार्च माह में पीजीआई चंडीगढ़ से कोटेश्वर मंदिर लाया गया था। तब उन्हें रस व जूस भी नली से दिया जा रहा था।