रुद्रपुर। स्कूली बच्चों ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम लाइव देखा। रुद्रपुर के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में बच्चों को मोबाइल, प्रोजेक्टर, लैपटॉप और कंप्यूटर के माध्यम से लाइव कार्यक्रम दिखाया गया। प्रधानमंत्री के बताए गए महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी नोट किया।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय हल्दी में शिक्षिका भारती जोशी ने मोबाइल के माध्यम से बच्चों को प्रधानमंत्री का परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को लाइव दिखाया, जिसे देख बच्चे बेहद रोमांचित हुए। आदर्श राजकीय प्राथमिक विद्यालय ट्रांजिट कैंप में शिक्षिका रीता चौहान ने कंप्यूटर पर परीक्षा पर चर्चा का लाइव कार्यक्रम दिखवाया। उधर, आदित्यनाथ झा इंटर कॉलेज के सैकड़ों विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री का लाइव कार्यक्रम देखा। इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. केके शर्मा, ओपी शुक्ल, भरत सिंह, पूजा बत्रा, कुलदीप कुमार, एसएस पांडेय आदि रहे। उधर, रैनबो पब्लिक स्कूल, जेसीज, डीपीएस समेत कई निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम देखा।
बच्चों के साथ शिक्षामंत्री ने भी देखा लाइव प्रसारण
काशीपुर। उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज के प्रेक्षागृह में सोमवार को एलईडी स्क्रीन पर शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के करीब 900 छात्र-छात्राओं के बीच शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूर्व की शिक्षा हमें कुछ न कुछ करने व आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। कहा कि आज टेक्नोलॉजी पल-पल बदल रही है बच्चों को टेक्नोलॉजी के बदलते दौर में स्वयं को अपग्रेड करना चाहिए। कहा कि अभिभावक बच्चों को स्वतंत्र छोड़कर उनकी मदद कर प्रतिभा को निखारने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
उधर शिक्षामंत्री पांडेय ने कहा कि पूरे प्रदेश में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू कराकर सरकारी और निजी विद्यालयों में भेदभाव को खत्म कर सरकार ने सराहनीय भूमिका निभाई। इधर, उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलामंत्री के नेतृत्व में पुरानी पेंशन बहाली व तदर्थ सेवा का लाभ देकर चयन वेतनमान देने के संबंध में शिक्षामंत्री को ज्ञापन सौंपा। वहां पर विधायक हरभजन सिंह चीमा, महापौर ऊषा चौधरी, मुख्य शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र आर्य, प्रबंधक शिवनंदन प्रसाद अग्रवाल, दीपक बाली, खिलेंद्र चौधरी, ईश्वर चंद्र गुप्ता मौजूद थे।