ग्राम बरा के एक गन्ना किसान के खेत में गन्ना उपलब्ध होने के बावजूद खरीद न करने पर पर्यवेक्षक के निलंबन के बाद सहकारी गन्ना विकास समिति किच्छा के सचिव को भी हटा दिया गया है। जांच जारी रहने तक समिति सचिव की नई तैनाती सहकारी गन्ना विकास समिति खटीमा में की गई है।
ग्राम बरा के एक गन्ना किसान ने उसका गन्ना न खरीदने पर करीब तीन माह पहले आत्मदाह का प्रयास किया था। इस मामले में लापरवाही बरतने पर संयुक्त गन्ना एवं चीनी आयुक्त ने गन्ना पर्यवेक्षक को निलंबित कर दिया था। इसके बाद से इस प्रकरण जांच जारी है। सहायक गन्ना आयुक्त धरमवीर सिंह ने बताया कि इस प्रकरण में जांच प्रभावित न हो, इसको देखते हुए सहकारी गन्ना विकास समिति किच्छा के सचिव को हटा दिया गया है।
जब तक जांच जारी रहेगी वह सहकारी गन्ना विकास समिति खटीमा में तैनात रहेंगे। सहायक गन्ना आयुक्त ने कहा कि इस प्रकरण में सहकारी गन्ना विकास समिति किच्छा के कुछ कर्मचारियों की भी मिलीभगत सामने आ रही है।
इसके लिए समिति के सातों कर्मचारियों को आरोप पत्र जारी कर दिए गए हैं। कर्मचारियों को शीघ्र इसका जवाब देने को कहा गया है। जांच में आरोप पुष्ट होने पर सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गन्ना समितियों में किसी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।