ग्यालू लाल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि वह भाजपा में महज आधे घंटे के लिए गए थे, लेकिन वहां उनका मन नहीं लगा। उन्होंने अपने इस फैसले को लेकर अफसोस भी जताया और कहा कि उनके अपनों ने उनसे मुंह मोड़ लिया था, जिससे उन्हें शर्मिंदगी महसूस हुई।
रुद्रप्रयाग जिला पंचायत सदस्य ग्यालू लाल के कांग्रेस में वापसी के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा में शामिल होने के बाद अब उन्होंने फिर से कांग्रेस में लौटने का ऐलान किया है।
विज्ञापन
प्रेस वार्ता के दौरान ग्यालू लाल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि वह भाजपा में महज आधे घंटे के लिए गए थे, लेकिन वहां उनका मन नहीं लगा। उन्होंने अपने इस फैसले को लेकर अफसोस भी जताया और कहा कि उनके अपनों ने उनसे मुंह मोड़ लिया था, जिससे उन्हें शर्मिंदगी महसूस हुई।
अपने राजनीतिक फैसले को लेकर उन्होंने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि भाजपा में जाने का उनका फैसला गलत था और वह वहां सहज महसूस नहीं कर पाए। उनके मुताबिक, वह बहकावे में आकर भाजपा में चले गए थे, लेकिन जल्द ही उन्हें एहसास हो गया कि उनका मन कांग्रेस में ही है।
ग्यालू लाल ने भावुक अंदाज में कहा कि कांग्रेस से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि 18 साल की उम्र में जब उन्होंने पहली बार मतदान किया था, तब भी उन्होंने कांग्रेस को ही अपना वोट दिया था।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह पहले भी कांग्रेसी थे, आज भी कांग्रेसी हैं और आजीवन कांग्रेस के साथ ही रहेंगे। उनकी इस वापसी को रुद्रप्रयाग की स्थानीय राजनीति में एक अहम घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।