रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग बांसवाड़ा में भूस्खलन के कारण दिनभर रहा बंद।
- फोटो : RUDRAPRYAG
बांसवाड़ा में पहाड़ी से रुक-रुककर गिरते मलबे व पत्थरों के कारण रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे दिनभर बंद रहा। इस दौरान एनएच व कार्यदायी संस्था द्वारा जेसीबी से मलबा सफाई का प्रयास भी किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। हाईवे के बंद होने के कारण दोनों तरफा यातायात बंद रहा। इस दौरान यातायात को बांसवाड़ा-बसुकेदार-गुप्तकाशी मार्ग पर डायवर्ट किया गया।
ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत निर्माणाधीन गौरीकुंड हाईवे पर बांसवाड़ा सबसे अधिक संवेदनशील जोन में शामिल है। यहां पर पहाड़ी से कब भूस्खलन शुरू हो जाए, कहा नहीं जा सकता। बुधवार को भी सुबह साढ़े छह बजे भारी मलबा गिरने से हाईवे बंद हो गया था। इस दौरान एनएच व कार्यदायी संस्था द्वारा जेसीबी से मलबा साफ कर राजमार्ग खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन सुबह आठ बजे से पुन: पहाड़ी से भूस्खलन शुरू हो गया, जो शाम तक रुक-रुककर होता रहा। एनएच के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पहाड़ी से रुक-रुककर होते भूस्खलन के कारण मलबे को साफ करने में दिक्कत हो रही है। हरसंभव प्रयास किया जा रहा है कि यथाशीघ्र हाईवे को खोला जाए। ब्यूरो