6254 परीक्षार्थी पंजीकृत, चार केंद्र हैं संवेदनशील
62 विद्यालयों में नहीं बनेंगे परीक्षा केंद्र, एडीएम ने ली बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। परिषदीय परीक्षा 2027 के लिए जनपद में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कुल 6254 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए हैं और कुल 69 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं परीक्षा के चार केंद्र संवेदनशील हैं जबकि छात्र संख्या मानक पूरा नहीं होने या नजदीक अन्य केंद्र होने के कारण 62 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है।
बुधवार को अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित जनपदीय समिति की बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण पर चर्चा के बाद सहमति दी गई। मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने बताया कि हाईस्कूल में 3168 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं जिनमें 3160 संस्थागत और आठ व्यक्तिगत छात्र हैं। वहीं इंटरमीडिएट में 3086 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए हैं जिनमें 3051 संस्थागत और 35 व्यक्तिगत छात्र शामिल हैं। बैठक में परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और परीक्षा की गोपनीयता व शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। परीक्षा के दौरान छात्र-छात्राओं की जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के संबंध में पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सोनी महरा, खंड शिक्षा अधिकारी ऊखीमठ, अगस्त्यमुनि व जखोली उपस्थित रहे।