केदारनाथ विस के दूरस्थ ग्राम पंचायत तोषी के लिए लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड ऊखीमठ ने मोटर मार्ग निर्माण शुरू हो गया है। वर्ष 2006 में स्वीकृत छह किमी मोटर मार्ग के लिए पहले चरण में दो किमी कटिंग की जा रही है। साथ ही विभाग ने शेष चार किमी के लिए लगभग चार करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
डेढ़ दशक के लंबे इंतजार के बाद लोनिवि के अधिकारियों व ग्राम प्रधान जगत सिंह रावत की मौजूदगी में भूमि-पूजन के साथ त्रियुगीनारायण-तोषी मोटर मार्ग का कटान मशीन से शुरू किया। लोनिवि के अधिशासी अभियंता मनोज भट्ट ने बताया कि 2006 में त्रियुगीनारायण-तोषी छह किमी मोटर मार्ग की स्वीकृति मिली थी। तब, शासन से सड़क निर्माण के लिए 146 लाख रुपये भी स्वीकृत किए गए थे, लेकिन वनाधिनियम के कारण मार्ग डेढ़ दशक तक अधर में लटका रहा। बीते वर्ष मार्ग निर्माण की स्वीकृति के बाद अन्य औपचारिकताएं पूरी कर भूमि हस्तांतरण करने के साथ ही कटिंग कार्य शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में दो किमी मार्ग निर्माण के लिए निविदा खोली गई थी, जिसके तहत तीन दिन पूर्व कार्य शुरू कर दिया गया है। साथ ही शेष 4 किमी निर्माण के लिए लगभग 4 करोड़ का प्रस्ताव भी शासन को भेज दिया गया है।