पंतनगर विवि के चिकित्सालय में नजरबंद इजिप्शियन छात्रा। छात्रा की अजीबोगरीब हरकतों से परेशान छा?
- फोटो : RUDRAPUR
पंतनगर। करीब एक साल से अजीबोगरीब हरकतों से सहपाठियों, एडवाइजर सहित विवि प्रशासन के लिए चुनौती बनी इजिप्ट (मिस्र) देश की रहने वाली पंतनगर विवि की शोध छात्रा रविवार की आधी रात पुलिस को आनंदपुर के पास बदहवास हालत में मिली। कुछ भी न बता पाने की स्थिति में मिली छात्रा की तलाशी में पुलिस को पासपोर्ट और आईडी बरामद हुई। इसके बाद उसे पंतनगर विवि में सुरक्षा विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
इजिप्शियन छात्रा के एडवाइजर एवं कृषि महाविद्यालय के सस्य विज्ञान विभाग में वरिष्ठ शोध अधिकारी डॉ. वीर सिंह बोरा ने बताया कि रेहाब (शोध छात्रा) ने वर्ष 2017 में पीएचडी पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था। एक वर्ष तक तो सब कुछ ठीक ठाक चला था लेकिन द्वितीय वर्ष के प्रथम सेमेस्टर से ही उसने अजीब सी हरकतें शुरू कर दीं। इसके चलते उसकी अपने किसी भी सहपाठी से पटती नहीं थी।
वह स्वयं को आइसोलेट रखती थी और कई बार तो वह किसी को भी पहचानने से ही इनकार कर देती थी। सहायक सुरक्षाधिकारी रविंद्र मिश्रा ने बताया कि रविवार रात करीब 8:30 बजे विवेकानंद हॉस्टल से फोन आया कि इजिप्शियन छात्रा बिना आगंतुक रजिस्टर में इंट्री किए स्कूटी से बाहर निकल गई है। तत्काल कई टीमें भेजकर उसकी हर संभावित जगह पर तलाश की गई लेकिन उसका पता नहीं चला।
देर रात पुलिस ने फोन कर उसके आनंदपुर बैरियर के पास बदहवास मिलने की सूचना दी थी, जहां से उसे स्कूटी समेत लाकर सुरक्षा कर्मियों ने हॉस्टल पहुंचाया। सोमवार दोपहर वह हॉस्टल की छत पर चढ़ गई, जिसे बमुश्किल काबू कर विवि चिकित्सालय के वार्ड में दो महिला सुरक्षा कर्मियों सहित रखा गया और नजर रखने के लिए बाहर से चार सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई।
उसने पूर्व में भी सुरक्षाधिकारी और अधिष्ठाता छात्र कल्याण से कई बार शिकायत की कि कोई उस पर निगाह रखता है, उसे सुरक्षाकर्मी मुहैया कराया जाए। अन्य सहपाठियों ने बताया कि वह अपने सिर पर कैमरा बांधकर चलती है।
छात्रा की अजीबोगरीब हरकतों की वजह से विवि चिकित्सालय में नजरबंद रखा गया है। उच्चाधिकारियों सहित इजिप्शियन दूतावास को मामले से अवगत करा दिया गया है। अब उनके जवाब का इंतजार किया जा रहा है कि आगे क्या करना है। - डॉ. सलिल तिवारी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण।