डीएम ने की केदारनाथ यात्रा की मॉनिटरिंग, दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। मौसम विज्ञान विभाग की ओर जारी भारी वर्षा के अलर्ट को देखते हुए डीएम विशाल मिश्रा ने जिला आपदा परिचालन केंद्र में अधिकारियों के साथ बैठक कर मौसम की स्थिति और आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में मौसम की निगरानी करने के लिए कहा। दूसरी ओर केदारनाथ यात्रा और हेली सेवा दूसरे दिन भी बंद रही।
डीएम ने कहा कि आपातस्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग शीघ्र कार्रवाई करें और आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करें। उन्होंने आपदा परिचालन केंद्र से कैमरों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति की निगरानी की। साथ ही केदारनाथ धाम यात्रा की भी लगातार मॉनिटरिंग की गई। कहा कि मौसम सामान्य होने के बाद केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। इस अवसर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी पारुल गोयल, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली मौजूद रहे।