रुद्रप्रयाग। जनपद मुख्यालय में शुक्रवार सुबह खिली धूप और दोपहर बाद मुख्यालय, अगस्त्यमुनि, जखोली, ऊखीमठ, गुप्तकाशी सहित आसपास के क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई। अचानक हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि बारिश के कारण कई क्षेत्रों में सड़कें फिसलन भरी हो गईं और जगह-जगह पानी भरने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
वहीं बारिश के कारण जिला मुख्यालय से सटे तूना-बौंठा मार्ग की हालत और खराब हो गई है। तेज बारिश के कारण नहरों व नालियों का पानी सड़क पर बहने लगा है जिससे दुपहिया वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। तूना-बौंठा मार्ग पर करीब साढ़े दस किलोमीटर हिस्से के डामरीकरण और सुदृढ़ीकरण को सरकार से वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष राय सिंह बिष्ट का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो बरसात में दिक्कतें और बढ़ जाएंगी।