रुद्रपुर। गल्ला मंडी के पास एनएच-74 पर हुआ अतिक्रमण अधिकारियों के लिए सिरदर्द बन गया है। एक दिन पहले भारी विरोध के बीच टीम ने जेसीबी की मदद से 40 टिनशेड तोड़ने की कार्रवाई की थी। वहीं, मंगलवार को पक्के मकानों की नापजोख करने गई टीम को एक बार फिर लोगों का विरोध झेलना पड़ा। पुलिस के पहुंचने के बाद भी नापजोख नहीं हो पाई, जिससे टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
एनएच-74 पर गल्ला मंडी के पास 115 दुकानें अवैध रूप से बनी हैं। इसके साथ ही कई लोगों ने पक्के मकान बना लिए लेकिन अधिकारी बेखबर बने रहे। अब सड़क चौड़ीकरण की बात सामने आई तो टीम नापजोख के लिए पहुंची और अतिक्रमण हटाने का काम शुरू हुआ। बीते सोमवार को प्रशासन, एनएच एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान करीब 40 टिनशेड तोड़कर अतिक्रमण हटाया गया। बाकी अतिक्रमण को जल्द हटाने की बात कहकर टीम ने अपनी कार्रवाई रोक दी थी।
मंगलवार को शहर की मुख्य मस्जिद के आसपास हुए अतिक्रमण की नापजोख के लिए एनएच और प्रशासन की टीम दोबारा गई, जहां लोगों ने उनका विरोध कर दिया। उनका कहना था कि वर्ष 1990 से वह इस स्थान पर रह रहे हैं। जमीन खरीदने के स्टांप उनके पास हैं। उन्होंने टीम को अपने निवास स्थल के आवश्यक दस्तावेज भी दिखाए। लोगों के आक्रोश के बाद टीम बिना कार्रवाई के लौट आई। इस दौरान एसडीएम मुक्ता मिश्रा, सीओ अमित कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे।