केदारनाथ के तीर्थ पुरोहित समाज व केदार सभा के बैनर तले केदारघाटी के ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। डीएम से लेकर सीएम के विरोध में नारेबाजी करते हुए ग्रामीणों ने मुख्य बाजार में कई घंटों तक धरना दिया। सरकार पर छलने का आरोप लगाते हुए उन्होंने जल्द लंबित मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला के नेतृत्व में डाक बंगला से तीर्थ पुरोहित समाज और ग्रामीणों का जुलूस प्रदर्शन नारेबाजी के साथ मुख्य बाजार पहुंचा। यहां पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार पर केदारनाथ के तीर्थ पुरोहितों के साथ दोहरा बर्ताव अपनाने का आरोप लगाया। कहा कि प्रभावितों की मदद के नाम पर मुख्यमंत्री हरीश रावत निरंतर झूठे आश्वासन दे रहे हैं।
जून 2013 की आपदा से प्रभावित 1954 तीर्थ पुरोहितों की सूची सरकार को भेजी गई थी, लेकिन शासन ने सिर्फ 1254 को ही त्वरित मदद के तौर पर एक-एक लाख रुपये दिए। उन्होंने सरकार की ओर से केदारनाथ में कराए जा रहे पुनर्निर्माण कार्यों पर भी सवाल उठाए। कहा कि केदारनाथ पुनर्निर्माण के नाम पर कुछ लोग सरकारी धन ठिकाने लगा रहे हैं। कहा कि शासन, प्रशासन ने मुआवजे तक अपनी जिम्मेदारी मानते हुए प्रभावितों को अपने हाल पर छोड़ दिया है।
पुरोहित समाज ने कहा कि महिलाओं, अनाथ बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए कोई नीति नहीं बन पाई है। केदारनाथ को सड़क से जोड़ने की मांग के बजाय सरकार हेलीकाप्टर सेवा पर जोर दे रही है। उन्होंने जल्द समस्याओं का निस्तारण नहीं करने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
कुबेर नाथ पोस्ती के संचालन में हुई सभा में सुबोध बगवाडी़, विष्णुकांत कुर्माचली, जेपी शुक्ला, किशन बगवाड़ी, विपिन सेमवाल, पीडी शुक्ला, गणेश शुक्ला, दिनेश बगवाड़ी, संपत्ति देवी, केशव तिवारी आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। आंदोलन में पठाली, ऊखीमठ, चुन्नी, मंगोली, डुंगर, सेमला, देवलीभणिग्राम, लमगौंडी, ल्वारा, नागजगई, फली-फसालत, खाट, खडिय़ा आदि गांवों के ग्रामीण मौजूद थे।