केदारनाथ यात्रा तैयारियों को लेकर डीएम ने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे का कुंड तक निरीक्षण किया
जखतोली में नई सुरंग के समीप हाईवे की बदहाली पर जताया रोष
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम ने एनएच और अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे का कुंड तक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाईवे पर जगह-जगह पड़े मलबे और गड्ढे होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने एक माह में हाईवे दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डीएम ने एनएच की ईई प्रेरणा जगूड़ी को कुंड स्थित निर्माणाधीन बैली ब्रिज से 15 दिनों में हरहाल में यातायात शुरू करने को कहा।
बृहस्पतिवार को हाईवे के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जखतोली में नई सुरंग के समीप हाईवे की बदहाली पर रोष जताया। यहां करीब 100 मीटर सड़क गड्ढों से पटी है जिससे वाहनों के संचालन में दिक्कतें हाे रही हैं। इसके अलावा रुद्रप्रयाग से कुंड के बीच हाईवे पर कई जगहों पर मलबा पड़ा मिला। गड्ढों के कारण यहां हादसों का खतरा बना है। डीएम ने एनएच के अधिशासी अभियंता को 15 दिन में मलबा हटाने, गड्ढों को भरने, एक माह में क्षतिग्रस्त पुश्तों का निर्माण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन पुश्तों का निर्माण एक माह में पूरा नहीं हो सकता उन्हें यात्रा से पूर्व प्राथमिकता से पूरा करें अन्यथा कड़ी कार्रवाई होगी। कुंड में मंदाकिनी नदी पर बैली ब्रिज का काम चल रहा है। डीएम ने एनएच की ईई प्रेरणा जगूड़ी को 15 दिन में 23 जनवरी तक हरहाल में बैलीब्रिज का निर्माण पूरा कर यातायात संचालन के निर्देश दिए। डीएम ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता मनोज भट्ट को हाईवे के ऊपर से निर्माणाधीन संपर्क मार्ग का काम आगामी अप्रैल तक पूरा करने को कहा। निरीक्षण के दौरान सीडीओ डाॅ. जीएस खाती और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ईनायत सिद्दीकी भी मौजूद थे।