रुद्रपुर। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की देहरादून के बाद हल्द्वानी में होने जा रही ककड़ी का रायता, गेठी और मशरूम पार्टी पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अजय भट्ट ने तंज कसा है। कहा कि हमें तो आज तक उन्होंने कभी न्योता नहीं दिया है, जबकि हम चुनाव साथ लड़े हैं। मैंने तो कहा है कि रायता फैला रहे हो, अगर खिलाते तो अच्छा था। जब एक सांसद को रायते में नहीं बुलाते हैं तो क्या फायदा है।
मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा की माता के निधन पर परिवार को सांत्वना देने के बाद कलक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक के बाद उन्होंने कहा कि हरीश रावत आज उनका बयान सुनने के बाद कल रायता पार्टी में बुुला लेंगे। ऐसे समय बुलाएंगे जब मौका नहीं होगा। पहले से अगर रावत न्यौता देते तो वे समय जरूर निकालते। कहा कि हरीश रावत रायता और आम पार्टी के अलावा क्या करेंगे। बेचारे पार्टी में अकेले पड़ गए हैं। उनकी कभी किसी से तो कभी किसी और से लड़ाई है।
भगतदा ने एकलु बानर कहा था, उनकी बात सही नजर आ रही है। कहा कि अगर सबको साथ लेकर नहीं चलते हैं तो यही दिक्कत होती है। भट्ट ने कहा कि भाजपा ही जिले में ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष बनाएगी। कार्यकर्ताओं ने चुनाव में खूब मेहनत की है।
एनएच-74 के अधूरे निर्माण और कार्यदायी संस्था की एसआईटी जांच को लेकर उन्होंने कहा कि किच्छा में फ्लाईओवर का काम शुरू हो गया है। गल्फार कंपनी को सरकार ने एक मौका दिया है कि बैंक से लोन लेकर काम शुरू कराए। अगर काम शुरू नहीं हुए हैं तो विभाग के साथ बैठक कर जानकारी ली जाएगी। चेताया कि अगर काम शुरू नहीं हुए तो एसआईटी जांच होगी। जनता को सुविधा न मिलने पर कंपनी तो ब्लैक लिस्टेड होगी ही साथ ही दंड भी लगेगा।