रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन शुक्रवार को पुलिस कर्मी शहर में जागरूकता का संदेश देते रहे। वहीं दूसरी ओर नैनीताल रोड पर दिनभर बाइक सवार बिना हेलमेट के सड़कों पर फर्राटा भरते रहे, जबकि शहर के सभी चौराहों पर सीपीयू का चेकिंग अभियान चलता है।
शुक्रवार को इंदिरा चौक रुद्रपुर में एसपी सिटी देवेंद्र पींचा व एसपी सिटी क्राइम प्रमोद कुमार ने हरी झंडी दिखाकर 31वें सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया। इस दौरान सीपीयू, पुलिस व ट्रैफिक पुलिस कर्मी बाइकों से डीडी चौक, सिडकुल चौक समेत विभिन्न मार्गों पर गए। उन्होंने बाइकों पर डबल सवारी बैठने के साथ ही हेलमेट पहनने के लिए लोगों को जागरूक किया। इसके अलावा विधायक राजकुमार ठुकराल, एआरटीओ प्रवर्तन संदीप सैनी की अगुवाई में भी जागरूकता रैली निकालकर लोगों से यातायात नियमों का पालन करने को कहा गया।
11 दिन में 1721 चालान, 46 वाहन सीज
रुद्रपुर। पिछले 11 दिनों में सीपीयू ने रुद्रपुर के अलग-अलग स्थानों पर 1721 वाहन चालकों का चालान कर 46 वाहनों को सीज किया है, जिनसे 7,79,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।