रुद्रपुर। थर्टी फर्स्ट और नए साल के जश्न को लेकर जिले की पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। एसएसपी ने सभी थाना, कोतवाली और चौकी प्रभारियों को सुरक्षा में मुस्तैद रहने और हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ड्यूटी में चूक होने पर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी। नैनीताल रोड पर जाम से निपटने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात रहेगी।
एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि दो दिन तक चलने वाले जश्न के लिए पुलिस तैयार है। जिले में दो हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। किसी भी रिजॉर्ट या गांव में रात 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजेगा। डीजे पर डांस करने के दौरान कोई व्यक्ति हर्ष फायरिंग करते देखा गया तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सुरक्षा को लेकर रातभर पैदल और गाड़ियों से पेट्रोलिंग की जाएगी। यूपी और नेपाल से सटे खटीमा में चेकिंग की जा रही है। सड़कों पर सुरक्षा और जाम से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगाई गई है। थर्टी फर्स्ट पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
डीएम नीरज खैरवाल ने लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से जश्न मनाने को कहा है। कहा कि मानकों की अनदेखी करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।