बसुकेदार। तहसील क्षेत्र के बाजार के पास ट्रॉला से ले जाई जा रही एक पोकलेन मशीन अनियंत्रित होकर सड़क से 10 मीटर नीचे पलट गई। इस हादसे में सड़क किनारे चल रहा एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे डीडीआरएफ टीम ने सुरक्षित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सहायक अभियंता ललित कुमार ने दुर्घटना की सूचना जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को दी। उन्होंने बताया कि इस प्राइवेट हायर की गई पोकलेन मशीन को छेनागाड़ से ट्रॉला के माध्यम से विनो बैंड के पास बाधित मोटर मार्ग को खोलने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बसुकेदार के निकट यह हादसा हुआ। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान रोशन लाल (47), निवासी डाल्सिंगी, बसुकेदार के रूप में हुई है। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई अन्य जनहानि नहीं हुई है। संवाद