केदारनाथ पैदल यात्रा को अगले तीन दिन तक रोकने के विरोध में यात्रियों ने सोनप्रयाग में हंगामा काटा। इस दौरान कई यात्री बाजार में धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि मौसम ठीक होने के बावजूद यात्रा को रोका गया है, जिससे उन्हें भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों ने रविवार से पैदल यात्रा शुरू करने की मांग की है।शनिवार शाम करीब सवा सात बजे सोनप्रयाग में साठ से अधिक यात्री बाजार में एकत्र हुए। उनका कहना था कि प्रशासन ने खराब मौसम के कारण 27 जून तक पैदल यात्रा को रोका था। इस वजह से वे सोनप्रयाग में ही रुक गए थे, लेकिन मौसम साफ होने के बावजूद शनिवार से पुन: तीन दिन के लिए पैदल यात्रा बंद कर दी गई है।
ऐसे में उनका यात्रा कार्यक्रम प्रभावित होने के साथ ही उन्हें आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। बनारस से अपनी पत्नी के साथ आए डा. भागचंद्र सिंह ने बताया कि वे गंगोत्री-यमुनोत्री की यात्रा कर यहां पहुंचे हैं। पैदल यात्रा बंद होने से उन्हें सोनप्रयाग में दो दिन हो गए हैं।
प्रशासन को अगर यात्रा रोकनी ही थी, तो उन्हें ऋषिकेश में ही रोक दिया जाता। मध्य प्रदेश से आए सतीश सिंह, योगेंद्र सिंह, संजय सिंह, वेद प्रकाश आदि का कहना है कि वे पिछले तीन दिन से सोनप्रयाग में ठहरे हुए हैं। पहले प्रशासन ने 28 जून से यात्रा को शुरू करने की बात कही थी, लेकिन अब 30 जून तक रोकने के निर्देश दे दिए हैं, जिससे हताशा हुई है।
प्रशासन हेलीकॉप्टर से यात्रा का सुझाव दे रहा है, लेकिन कई यात्रियों के पास इतने रुपये नहीं बचे हैं, वे हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम के दर्शन कर पाए।