जखोली में प्रभारी मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में लगा जनता दरबार
जनता की समस्याओं को गंभीरता से ले अधिकारी: गणेश जोशी
संवाद न्यूज एजेंसी
जखोली। ब्लॉक मुख्यालय प्रांगण में रुद्रप्रयाग के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान पानी की कमी का मुद्दा उठा। करीब 40 शिकायतें दर्ज हुईं जिनमें से 30 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जनता दरबार में मुख्य रूप से सड़क, बिजली, पानी, जंगली जानवरों के आतंक और स्कूलों में शिक्षकों की कमी के मुद्दे छाए रहे।
सुनवाई के दौरान थापली गांव के सम्पूर्णानन्द सेमवाल ने वर्ष 2016 से लंबित सड़क निर्माण और वन विभाग की नर्सरी के कारण आ रही अड़चनों का मामला उठाया। इस पर उप प्रभागीय वनाधिकारी ने जल्द निरीक्षण कर समाधान का भरोसा दिया। महावीर सिंह राणा ने हिलाईं नदी में पानी की कमी और बजीरा तक टूटी नहर की मरम्मत के लिए एचडीपीई पाइप लगाने की मांग की। इस पर सिंचाई विभाग ने 15 दिनों में व्यवस्था करने की बात कही। ग्राम बरसिर में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या पर जल निगम के सहायक अभियंता ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त, ग्राम किमाना की मीना देवी ने पिछले वर्ष आपदा में क्षतिग्रस्त हुए मत्स्य पालन टैंक व खेती की जमीन का मुद्दा उठाते हुए बजट की कमी के कारण हो रही देरी पर चिंता जताई। इस पर लघु सिंचाई विभाग ने त्वरित वैकल्पिक व्यवस्था बनाने का आश्वासन दिया। प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सभी अधिकारी जनता की समस्याओं का समय पर निस्तारण करें। कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की समस्याओं को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली, भेषज संघ की अध्यक्ष आरती रावत, मुख्य विकास अधिकारी व उप जिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया सहित जिला स्तरीय अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।