रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर स्थित तिलवाड़ा में पार्किंग नहीं होने से आए दिन जाम की स्थिति पैदा हो रही है। यहां पर सड़क के दोनों तरफ आड़े-तिरछे वाहन खड़े हो रहे हैं, जिस कारण स्कूली बच्चों और राहगीरों को दिक्कत हो रही है।
जखोली ब्लाक के पूर्वी व पश्चिमी भरदार, सिलगढ़, बड़मा पट्टी के गांवों के अलावा अगस्त्यमुनि ब्लॉक के नागपुर तल्ला क्षेत्र का मुख्य बाजार तिलवाड़ा है।
इन क्षेत्रों का बैंक और बिजली से जुड़े सभी कार्य यहां से होते हैं। क्षेत्र से करीब पचास से अधिक छोटे वाहन रोज यहां पहुंचते हैं। पार्किंग के अभाव में ये वाहन सुमाड़ी मोड़ से लेकर मुख्य बाजार और पेट्रोल पंप तक खड़े रहते हैं।
इस समस्या से रुद्रप्रयाग से अगस्त्यमुनि व केदारघाटी जाने वाले और वापस लौटने वाले वाहनों को गुजरने के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने से जाम लग रहा है।
एनएच लोनिवि निर्माण खंड द्वारा यात्रा तैयारियों के नाम पर बाजार में करीब तीन सौ मीटर हॉटमिक्स किया गया। व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सकलानी व पूर्व अध्यक्ष मान सिंह जगवाण का कहना है कि तिलवाड़ा के लिए भाजपा सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी द्वारा वाहन पार्किंग निर्माण की घोषणा की गई थी। लोनिवि द्वारा सर्वे भी किया गया। लेकिन आज तक पार्किंग नहीं बन पाई है।