पंतनगर में नौकरी से हटाए गए ठेकाकर्मियों से वार्ता करते विधायक शुक्ला।
- फोटो : RUDRAPUR
पंतनगर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कुक्कुट फार्म की नगला-किच्छा मार्ग स्थित नवीनतम इकाई बंद कर दी गई है। इकाई में कार्यरत 18 ठेका कर्मी बेरोजगार हो गए लेकिन क्षेत्रीय विधायक राजेश शुक्ला के दखल पर ठेकाकर्मियों को विवि में पुन: समायोजित कर लिया गया है।
बुधवार से पंतनगर विवि की विभिन्न इकाइयों से 200 ठेका कर्मियों को काम से बैठा दिया गया था। इसके बाद प्रशासनिक भवन में दिन भर चले विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रदर्शनों और सत्ताधारी दल के विधायक द्वारा धरने पर बैठ जाने से विवि प्रशासन बैकफुट पर आया था। इसके बाद विवि को सभी कर्मियों को काम पर वापस लेना पड़ा था।
बृहस्पतिवार को शैक्षणिक कुक्कुट फार्म की नगला इकाई को बंद कर दिया गया। सुबह काम पर पहुंचे कर्मियों को जब इसका पता चला तो वह वहीं धरने पर बैठ गए। सूचना पाकर पहुंचे भाजपा के पंतनगर मंडल अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा महेंद्र कुमार ने कुछ अधिकारियों से इस संबंध में वार्ता की लेकिन कोई हल नहीं निकला।
उन्होंने विधायक शुक्ला को मौके पर बुलाया। इसके बाद विधायक शुक्ला ने पोल्ट्री के संयुक्त निदेशक डॉ. बृजेश सिंह और कुलपति डॉ. तेज प्रताप से बात की और उनका वादा याद दिलाया। इसके बाद कुलपति के निर्देश पर सभी कर्मियों को कुक्कुट फार्म की पहली इकाई में ही समायोजित कर दिया गया।
युवाओं से पहले सेवानिवृत्त कर्मियों को हटाने की मांग
पंतनगर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री हरीश पनेरू ने कुक्कुट फार्म में कार्यरत 18 मजदूरों को निकालने पर कुलपति को ज्ञापन भेजकर युवाओं से पूर्व सेवानिवृत्त कर्मियों को निकालने की मांग की है। कहा कि पंतनगर विवि में सेवानिवृत्त कर्मियों से 15 हजार रुपये से लेकर 45 हजार रुपये में काम लिया जा रहा है।
इसके साथ ही उन्हें 25-30 हजार रुपये पेंशन भी मिल रही है। ठेका कर्मियों को आठ से दस हजार रुपये ही मिलते हैं। ऐसे में एक सेवानिवृत्त कर्मी चार ठेका कर्मियों के बराबर वेतन ले रहा है, जो अनुचित है। बार-बार छोटे कर्मचारियों पर गाज गिराकर उनको काम से बेदखल करना शासनादेश के विपरीत एवं मानवीय दृष्टिकोण से भी ठीक नहीं है।