ऊखीमठ। कल सोमवार को पंचकेदार में तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। बाबा तुंगनाथ के दर्शनों के लिए अभी तक 1 लाख 50 हजार श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। तृतीय केदार की यात्रा को एक दिन शेष रह गया है। साथ ही सोमवार से कपाट बंद करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।
इस वर्ष 10 मई से शुरू हुई तृतीय केदार तुंगनाथ की यात्रा में मई व जून में 80 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। वहीं, बरसात का मौसम खत्म होने के बाद यात्रा ने पुन: रफ्तार पकड़ी। बीकेटीसी के अनुसार, तृतीय केदार में अभी तक कुल 1 लाख 50 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। तुंगनाथ मंदिर के प्रबंधक बलवीर सिंह नेगी, सहायक प्रबंधक चंद्र मोहन बजवाल और मंदिर प्रभारी दीपक पंवार ने बताया कि बीते सितंबर से यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उन्होंने अभी तक 13000 से अधिक बच्चे पहुंच चुके हैं। बताया कि वर्ष 2022 व 2023 में भी तृतीय केदार में एक लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। संवाद